पूर्णिया: कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बिजेन्द्र यादव, मुख्य प्रवक्ता जवाहर किशोर उर्फ रिंकू यादव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर भाजपा नेताओं की विवादित टिप्पणियों पर कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस ने कहा कि उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा बिहार की बेटियों के लिए की गई अपमानजनक टिप्पणी न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि पूरे समाज की संवेदनशीलता को ठेस पहुँचाती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा लगातार अनर्गल और अमर्यादित बयान दिए जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा नेतृत्व अपने नेताओं की भाषा और आचरण पर तत्काल लगाम नहीं लगाता, सार्वजनिक माफी नहीं मांगता और ठोस कार्रवाई नहीं करता, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि नारी सम्मान केवल नारे नहीं, बल्कि नीति, क़ानून और व्यवहार से सिद्ध होना चाहिए।


