जोगबनी, प्रिंस कुमार: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जोगबनी के रास्ते विराटनगर में प्रवेश कर रहे फारबिसगंज के एक भारतीय व्यवसायी को नेपाल पुलिस ने हवाला कारोबार के संदेह में हिरासत में लिया है। पकड़े गए व्यक्ति के पास से भारी मात्रा में नेपाली मुद्रा बरामद हुई है, जिसका वह कोई वैध स्रोत नहीं बता सका।
गुप्त तरीके से छिपाकर रखी थी नकदी
जिला पुलिस कार्यालय मोरंग की प्रवक्ता सह डीएसपी कोपिला चूड़ाल ने बताया कि शुक्रवार को अस्थायी पुलिस पोस्ट मटेरुवा की टीम ने नियमित जांच के दौरान एक भारतीय स्कूटर को रोका।
आरोपी की पहचान फारबिसगंज निवासी 55 वर्षीय नन्दलाल बाहेती के रूप में हुई है। बाहेती भारतीय नंबर प्लेट के स्कूटर (BR 38 AA 8306) पर सवार होकर विराटनगर वार्ड संख्या 17 में प्रवेश कर रहा था। जब पुलिस ने बाहेती की सघन तलाशी ली, तो उसने अपनी पेंट के अंदरूनी हिस्से में बड़ी चालाकी से नकदी छिपा रखी थी।
बरामद मुद्रा का विवरण
नेपाल पुलिस ने बाहेती के पास से कुल 3,03,100 (तीन लाख तीन हजार एक सौ) नेपाली रुपये बरामद किए हैं। नोटों का ब्यौरा इस प्रकार है: 1000 के नोट: 300 पीस, 500 के नोट: 04 पीस, 100 के नोट: 11 पीस
हवाला कारोबार का संदेह और आगे की कार्रवाई
सब इंस्पेक्टर जोगेंद्र फुन्याल के नेतृत्व वाली टीम ने नकदी और स्कूटर सहित बाहेती को हिरासत में लेकर इलाका पुलिस कार्यालय, रानी के सुपुर्द कर दिया है। पूछताछ के दौरान बाहेती ने इतनी बड़ी रकम के स्रोत के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी, जिसके कारण पुलिस को इसके ‘हवाला कारोबार’ से जुड़े होने का प्रबल अनुमान है। फिलहाल इलाका पुलिस कार्यालय रानी के इंस्पेक्टर कविन राई के नेतृत्व में टीम इस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह पैसा विराटनगर में किसे दिया जाना था और इसके पीछे कौन सा बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है।
सीमा पर बढ़ी चौकसी
जोगबनी सीमा पर अवैध मुद्रा और सामानों की आवाजाही को देखते हुए नेपाल सशस्त्र पुलिस और मोरंग पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। हाल के दिनों में हवाला और कैरिंग के मामलों में हुई बढ़ोतरी के बाद जांच प्रक्रिया को और कड़ा किया गया है।



