Purnea News: मीरगंज में बाइक हादसा, दो युवकों की मौत पर सड़क जाम और ग्रामीणों का प्रदर्शन

पूर्णिया, आनंद यादुका: Purnea News मीरगंज थाना क्षेत्र में किशन टोली और दमेली गांव के बीच रविवार सुबह लगभग आठ बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सरसी थाना क्षेत्र के भट्टा चकला निवासी विनोद किशकू (30) और रमेश हेंब्रम (26) के रूप में की गई है।

घटना के समय दोनों युवक किसी कार्य के लिए सरसी मोड़ जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पर मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया।

परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर लगभग तीन घंटे सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे आवागमन बाधित रहा। मौके पर धमदाहा पुलिस अंचल निरीक्षक कौशल कुमार और अंचलाधिकारी कुमार रविंद्र नाथ भी पहुंचे और समझाने-बुझाने के बाद लोग शांत हुए। घटना की जांच और अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *