पूर्णिया: पूर्णिया हवाई अड्डे से जारी दैनिक यात्री आंकड़े जिले के विकास के लिए एक सकारात्मक संकेत दे रहे हैं। ठंड के मौसम के बावजूद यात्रियों की संख्या में निरंतरता बनी हुई है, जो यह दर्शाता है कि पूर्णिया एयरपोर्ट अब क्षेत्रीय विकास का एक मजबूत केंद्र बनता जा रहा है।
पूर्णिया एयरपोर्ट द्वारा जारी दैनिक प्रतिवेदन (दिनांक: 12.01.2026) के अनुसार—
- आगमन विमानों की संख्या: 05
- प्रस्थान विमानों की संख्या: 05
- कुल विमानों की आवागमन संख्या: 10
- यात्री आगमन संख्या: 503
- यात्री प्रस्थान संख्या: 497
- कुल यात्रियों की आवागमन संख्या: 1000
इन आंकड़ों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रेस क्लब पूर्णिया के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि पूर्णिया के लिए नई संभावनाओं का संकेत है। उन्होंने नए वर्ष 2026 के अवसर पर पूर्णिया की जनता और जिले के सभी मीडिया संस्थानों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह वर्ष विकास, प्रगति और अवसरों से भरा होगा।
नंदकिशोर सिंह ने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट की यह सफलता सैकड़ों संस्थाओं, हजारों युवाओं, बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों के लंबे संघर्ष का परिणाम है। अब पूर्णिया अपनी ही गति से विकास की ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि देश के बड़े महानगरों से पूर्णिया के लिए हवाई सेवाएं और अधिक सुलभ होती हैं, तो व्यापार, उद्योग और निवेश के नए द्वार खुलेंगे। विशेषकर मेडिकल सेक्टर और व्यावसायिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि की पूरी संभावना है।
स्थानीय मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्णिया के मीडिया संस्थानों ने जनभावनाओं को निरंतर सरकार तक पहुंचाया है, जो प्रशंसनीय है। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पूर्णिया एयरपोर्ट न केवल सीमांचल बल्कि पूरे बिहार के विकास की धुरी बनेगा।



