रामकृष्ण मठ पूर्णिया में उत्साह के साथ मनाया गया युवा-दिवस, स्वामी विवेकानंद के विचारों से छात्रों ने ली प्रेरणा

पूर्णिया: रामकृष्ण मठ पूर्णिया में राष्ट्रीय युवा-दिवस का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद 60 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं वरिष्ठजनों ने कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर मठ परिसर में संगीत, भाषण, स्वामी विवेकानंद के उपदेशों का पाठ किया गया और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में युवाओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करते हुए आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प व्यक्त किया। मठ परिसर का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा।

इसके पश्चात दोपहर बाद विद्या विहार इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के स्वामी विवेकानंद स्टडी सर्किल में एक युवा गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में रामकृष्ण मठ के अध्यक्ष स्वामी जितेन्द्रानन्द ने छात्रों को संबोधित किया और उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं और आत्मबल, अनुशासन व सेवा भाव के माध्यम से ही समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *