धमदाहा उप डाकघर में विशेष अभियान के तहत डाक चौपाल का आयोजन, सैकड़ों नए खाते खुले

अंग इंडिया संवाददाता/ आनंद यादुका: पूर्णिया जिले के धमदाहा उप डाकघर में विशेष अभियान के तहत डाक चौपाल का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से आमजन को डाक विभाग द्वारा संचालित विभिन्न बचत एवं बीमा योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

कार्यक्रम में डाक अधीक्षक पूर्णिया नवीन कुमार ने उपस्थित लोगों को विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डाकघर की योजनाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और आम लोगों के भविष्य को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सहायक हैं। विशेष रूप से सुकन्या समृद्धि योजना (SSA), आवर्ती जमा (RD), बचत खाता (SB), सार्वजनिक भविष्य निधि (PPF) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा जैसी योजनाएं आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी हैं।

आयोजित डाक चौपाल में डाक निरीक्षक संतोष चौधरी, उप डाकपाल राजीव रंजन एवं डाककर्मी अजय कुमार की उपस्थिति में विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों के बीच साझा की गई। इस दौरान बीकोठी, भवानीपुर सहित धमदाहा उप डाकघर क्षेत्र के ग्रामीण डाक सेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

डाक चौपाल के दौरान सुकन्या समृद्धि योजना में 181, आवर्ती जमा में 190 तथा बचत खाते में 34 नए खाते खोले गए। इसके अलावा ग्रामीण डाक जीवन बीमा के अंतर्गत शाखा डाकपालों द्वारा कुल 23 लाख रुपये का बीमा योगदान किया गया।

मौके पर डाक अधीक्षक नवीन कुमार ने आमजन से अपील की कि वे डाकघर की विभिन्न योजनाओं से जुड़कर सुरक्षित एवं लाभकारी निवेश करें। कार्यक्रम में बीकोठी, भवानीपुर और धमदाहा क्षेत्र के सभी ग्रामीण डाक सेवकों के साथ बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *