सोनदीप पंचायत के बिढ़निया में भीषण अगलगी, पांच परिवारों का घर जलकर राख

संवाददाता अंग इंडिया: प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सोनदीप मिलिक पंचायत के बिढ़निया गांव में बुधवार की देर रात भीषण आग लगने से पांच परिवारों का घर सहित उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस अगलगी की घटना में दो बाइक, दो दुकान और दुकानों में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान पूरी तरह नष्ट हो गए।

इस घटना में बिढ़निया निवासी संतोष कुमार राम, शंकर कुमार राम, पंकज कुमार राम, राकेश चौधरी एवं राजू राम के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। बताया जा रहा है कि घर में रखे गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांचों पीड़ित परिवारों का सबकुछ जल चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार को राजस्व कर्मचारी रंजन भास्कर घटनास्थल पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। अंचल निरीक्षक ने बताया कि क्षति का आकलन कर जांच रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जा रही है। शीघ्र ही सभी पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत आपदा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *