फारबिसगंज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मकर संक्रांति पर दलित बस्ती में किया मूढ़ी-गुड़ वितरण

अंग इंडिया संवाददाता: स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), फारबिसगंज इकाई ने मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में दलित बस्ती में मूढ़ी और गुड़ का वितरण कर सामाजिक सेवा का संदेश दिया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व नगर मंत्री आयुष भगत ने किया।

अभाविप के प्रांत एसएफडी सह संयोजक आकाश श्रीवास्तव ने कहा कि “स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं को सेवा और राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करता है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।”

जिला संयोजक शिवम साह ने कहा कि “अभाविप केवल छात्र हितों तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम है। सेवा कार्य अभाविप की मूल विचारधारा का अभिन्न हिस्सा है।”

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शैलेश राय ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “राष्ट्रीय युवा दिवस युवाओं को जाति और वर्ग से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प देता है। अभाविप सामाजिक समरसता के लिए निरंतर प्रयासरत है।”

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों से संवाद कर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना की। यह सेवा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें अभाविप के नगर इकाई के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *