मटेश्वर महोत्सव–2026 को लेकर समन्वयात्मक बैठक आयोजित,19 जनवरी को मटेश्वरधाम में होगी अहम चर्चा

Coordination meeting held regarding Mateshwar Mahotsav-2026, important discussion to be held on 19th January at Mateshwar Dham

सहरसा,अजय कुमार : जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के कांठो- बलवाहाट में आगामी मटेश्वर महोत्सव 2026 के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। इसी क्रम में जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, सहरसा के तत्वावधान में 19 जनवरी 2026 को मटेश्वर मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण समन्वयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक अपराह्न 2:30 बजे से शुरू होगी।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी, सिमरी बख्तियारपुर करेंगे। बैठक में मटेश्वर मंदिर समिति के अध्यक्ष, सचिव सहित समिति के सभी सम्मानित सदस्यगण को उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है।

बताया गया कि इस बैठक का उद्देश्य मटेश्वर महोत्सव–2026 को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने हेतु कार्ययोजना, कार्यक्रम संरचना, सांस्कृतिक आयोजनों, प्रशासनिक समन्वय, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श करना है। इसके साथ ही महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों, लोकसंस्कृति एवं परंपराओं को समुचित मंच प्रदान करने पर भी चर्चा की जाएगी। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं समिति सदस्यों से समय पर बैठक में उपस्थित होकर सहयोग देने की अपील की है, ताकि महोत्सव का आयोजन जनभागीदारी के साथ सफलतापूर्वक किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि मटेश्वर महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु एवं कला-प्रेमी शामिल होते हैं। ऐसे में समय रहते समन्वयात्मक बैठक के माध्यम से तैयारियों को अंतिम रूप देना प्रशासन और आयोजकों की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *