Marwari Yuva Manch Sports Carnival: Rohan Dhanawat's storm swept Muzaffarpur, four big teams reached the semi-finals

मारवाड़ी युवा मंच स्पोर्ट्स कार्निवल: रोहन धनावत के तूफान में उड़ा मुजफ्फरपुर, सेमीफाइनल में पहुंचीं चार दिग्गज टीमें

Marwari Yuva Manch Sports Carnival: Rohan Dhanawat's storm swept Muzaffarpur, four big teams reached the semi-finals

प्रिंस कुमार/ अररिया/

फारबिसगंज। फारबिसगंज हवाई अड्डा मैदान पर आयोजित ‘बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच (BPMYM) स्पोर्ट्स कार्निवल सीजन-1’ के लीग मैचों का दौर समाप्त हो गया है। शनिवार को खेले गए रोमांचक मुकाबलों के बाद अब टूर्नामेंट के सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुजफ्फरपुर, फारबिसगंज, भागलपुर और किशनगंज की टीमों ने अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली है।

पहला मैच: रोहन धनावत की ‘विराट’ पारी, फारबिसगंज की जीत

शनिवार का पहला मुकाबला मेजबान फारबिसगंज और मुजफ्फरपुर के बीच हुआ। फारबिसगंज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। मुजफ्फरपुर ने 12 ओवर में 6 विकेट खोकर 152 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फारबिसगंज की टीम के लिए रोहन धनावत काल साबित हुए। रोहन ने महज 34 गेंदों पर 7 चौकों और 9 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 95 रनों की आक्रामक पारी खेली।

गेंदबाजी में विकास खेमानी ने 2 विकेट लिए और बल्ले से 36 रन बनाए, वहीं विनीत खेमानी ने भी 2 विकेट झटके। फारबिसगंज ने 11.3 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत हासिल की। रोहन धनावत को संगीता गोयल एवं मनीषा सालड़ा ने ‘मैन ऑफ द मैच’ की ट्रॉफी प्रदान की।

दूसरा मैच: भागलपुर ने दरभंगा को 8 विकेट से रौंदा

दूसरे मैच में भागलपुर का दबदबा देखने को मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए दरभंगा की टीम 12 ओवर में 8 विकेट खोकर मात्र 101 रन ही बना सकी। भागलपुर के बल्लेबाजों ने इस लक्ष्य को ‘मजाक’ बना दिया और मात्र 5.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 102 रन बना लिए। हर्षित केडिया को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्रांतीय अध्यक्ष अश्विनी खटोड़ और खेलकूद संयोजक निशांत गोयल ने ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना।

तीसरा मैच: किशनगंज का विशाल स्कोर, कटिहार पस्त

दिन के तीसरे मुकाबले में किशनगंज के बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर रनों की बौछार कर दी। किशनगंज ने निर्धारित 12 ओवर में मात्र 3 विकेट खोकर 187 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। 188 रनों के विशाल लक्ष्य के दबाव में कटिहार की टीम बिखर गई और 12 ओवर में 7 विकेट पर 99 रन ही बना सकी। किशनगंज ने यह मैच 88 रनों के भारी अंतर से जीता। विशेष अतिथि और विश्व रिकॉर्ड धारक ललित सरावगी ने विजेता टीम के दिवंश को ‘मैन ऑफ द मैच’ की ट्रॉफी दी।

रविवार को होगा सेमीफाइनल का ‘महामुकाबला’

टूर्नामेंट अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। रविवार को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों में चारों टीमें (मुजफ्फरपुर, फारबिसगंज, भागलपुर और किशनगंज) फाइनल के टिकट के लिए आपस में भिड़ेंगी। मैच के दौरान कमेंटेटर सोनू ने अपनी कमेंट्री से दर्शकों को बांधे रखा। बजाज ग्रुप के विजय प्रकाश ने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए उनके खेल कौशल की जमकर तारीफ की।

Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *