पूर्णिया।
भारतीय जनता पार्टी के सर्वसम्मति से नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के निर्वाचन पर पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विधायक ने इसे न केवल भाजपा बल्कि बिहार और पूरे देश के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
विधायक विजय खेमका ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसकी सबसे बड़ी ताकत इसकी लोकतांत्रिक, पारदर्शी और सशक्त संगठनात्मक व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि एक युवा कार्यकर्ता को पार्टी की सर्वोच्च जिम्मेदारी सौंपना भाजपा की विचारधारा और आंतरिक लोकतंत्र का सशक्त उदाहरण है। बिहार से आने वाले 45 वर्षीय युवा नेता श्री नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।
विधायक श्री खेमका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था— “आज मैं भी एक कार्यकर्ता हूं और माननीय नितिन नवीन जी हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।” विधायक ने कहा कि यह कथन भाजपा की मूल आत्मा को दर्शाता है, जहां प्रधानमंत्री भी स्वयं को एक साधारण कार्यकर्ता मानते हैं। यही कारण है कि भाजपा अन्य दलों से अलग, अधिक मजबूत और अनुशासित संगठन के रूप में खड़ी है।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक पद का चयन नहीं, बल्कि लोकतंत्र, अनुशासन और संगठनात्मक प्रतिबद्धता का उत्सव है। नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त, गतिशील और प्रभावी बनेगा। उनके अनुभव, ऊर्जा और संगठन क्षमता से केंद्र से लेकर राज्यों तक पार्टी को नई दिशा मिलेगी।
विधायक विजय खेमका ने कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय से पूर्णिया, बिहार सहित देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और उमंग का माहौल है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी देश सेवा, विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।



