सेना की वर्दी का सपना: भवानीपुर की बेटियां कर रही हैं जी-तोड़ मेहनत

The dream of an army uniform: The daughters of Bhawanipur are working hard

संवाददाता अंग इंडिया/पूर्णिया / आनंद यादुका/

देश सेवा का जज़्बा और सेना की वर्दी पहनने का सपना लिए भवानीपुर की बेटियां आज जी-तोड़ मेहनत में जुटी हुई हैं। प्रखंड मुख्यालय स्थित बलदेव उच्च विद्यालय के क्रीड़ा मैदान में सुबह और शाम इन युवतियों की कड़ी मेहनत साफ़ देखी जा सकती है। तेज दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी कठिन शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी में वे पूरे जोश और अनुशासन के साथ अभ्यास कर रही हैं।

भवानीपुर नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों से आने वाली दर्जन भर से अधिक लड़कियां प्रतिदिन सेना में भर्ती होने के लक्ष्य को लेकर पसीना बहा रही हैं। तैयारी कर रहीं पुष्पा कुमारी, रुचि कुमारी, नेहा कुमारी, काजल कुमारी, कुमकुम कुमारी, मीणा कुमारी, मौसम कुमारी सहित अन्य युवतियों ने बताया कि उनका सपना सेना में बहाल होकर देश की सेवा करना है।

उन्होंने कहा कि सेना की वर्दी में स्वयं को देखना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात होगी। उल्लेखनीय है कि इसी मैदान पर पहले भी कई बेटियां स्व-अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर सेना और पुलिस बल में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुकी हैं। इससे वर्तमान में तैयारी कर रही लड़कियों का मनोबल और भी मजबूत हुआ है।

इन बेटियों को अभ्यास के दौरान प्रशिक्षक पंकज कुमार और रोहित कुमार का भरपूर सहयोग मिल रहा है, जो निःस्वार्थ भाव से उन्हें मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दे रहे हैं। भवानीपुर की बेटियों का यह जज़्बा न केवल क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि बदलते समाज में महिलाओं की सशक्त भूमिका को भी दर्शाता है।