पूर्णिया: पूर्णिया में अपर समाहर्ता लोक शिकायत निवारण एडीएम जयचंद्र यादव ने बुधवार को भवानीपुर अंचल और प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि प्रखंड कर्मियों की उपस्थिति दर्ज करने वाली बायोमैट्रिक मशीन और कार्यालय में लगे कई कैमरे खराब थे।
एडीएम ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए इन्हें तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने आरटीपीएस काउंटर और कार्यालय संचालन का भी जायजा लिया और कर्मियों को सभी कार्य समय पर पूरा करने की सख्त हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए 10 कर्मियों की उपस्थिति काट दी गई, साथ ही एडीएम ने कहा कि उनके विरुद्ध उच्च अधिकारियों को नोटिस भेजा जाएगा। इस मौके पर भवानीपुर बीडीओ मनोज कुमार भी उपस्थित थे, और निरीक्षण की खबर से कार्यालय में हड़कंप मच गया।



