पूर्णिया: पूर्णिया जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर अमौर प्रखंड के नितेंद्र पंचायत स्थित परमान नदी के तट पर गुरुवार को NDRF (9वीं बटालियन) की 32 सदस्यीय टीम द्वारा बाढ़ और आपदा प्रबंधन हेतु व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बाढ़ के दौरान जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्थानीय लोगों तथा अधिकारियों को वास्तविक परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य का प्रशिक्षण देना था।
मॉक ड्रिल में प्रमुख गतिविधियों में रेस्क्यू ऑपरेशन, घरेलू संसाधनों से राफ्ट निर्माण और जीवनरक्षक तकनीक (CPR) का व्यावहारिक प्रदर्शन शामिल था। प्रशिक्षण में प्लास्टिक बोतल, बाँस, नारियल और गाइनल राफ्ट के निर्माण की विधियां दिखाई गई, ताकि नाव उपलब्ध न होने पर सुरक्षित बचाव सुनिश्चित किया जा सके। CPR प्रशिक्षण के माध्यम से पानी से निकाले गए बेहोश व्यक्तियों को बचाने की तकनीक भी सिखाई गई।

कार्यक्रम में जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के अधिकारी, राजस्व अधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी और इंजीनियरिंग व विद्युत विभाग के अधिकारी शामिल हुए। समन्वय और सहयोग में SDRF टीम (बायसी), अग्निशमन दल, आपदा मित्र, UNICEF प्रतिनिधि कमल कामत और आपदा प्रबंधन विभाग के अन्य कर्मियों का विशेष योगदान रहा। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सामुदायिक जागरूकता बढ़ाना और आपात स्थिति में रिस्पांस समय को कम कर क्षति न्यूनतम करना बताया गया।






