सहरसा, अजय कुमार: स्थानीय रमेश झा महिला महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा गुरुवार को सड़क जामकर विरोध प्रदर्शन किया गया। सड़क जाम कर रहे छात्राओं ने बताया कि हम लोगों को चौथे सेमेस्टर की परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इस कारण हमलोगों का समय और पैसे की हानि हो रही है। छात्राओं ने बताया कि विश्वविद्यालय नियमानुसार 75 प्रतिशत उपस्थिति होने की अनिवार्य शर्त रखी गई है। छात्राओं ने बताया कि सभी विषयों के एचओडी ने अनुमति प्रदान की है लेकिन संगीत विषय की शिक्षक द्वारा हम लोगों को अनुमति नहीं दी जा रही है। जिस कारण हम लोग सड़क जाम करने की स्थिति में पहुंचे हैं।
सड़क जाम की सूचना पर महिला पुलिस टीम पहुंचकर छात्रों को समझा बुझाकर किसी तरह सड़क जाम समाप्त करवाया। इस संबंध में प्रधानाचार्य डॉक्टर उषा सिंहा ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा छात्राओं के हित में 75% उपस्थिति अनिवार्य किया गया है। वहीं कॉलेज के द्वारा स्पेशल क्लास लगाकर छात्रों को उपस्थित होने को कहा गया। लेकिन छात्राओं द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिस कारण यह नौबत आयी है।
उन्होंने कहा कि जो छात्र-छात्राएं वर्ग मैं 75% उपस्थित नहीं होते हैं तो ऐसे में उन्हें फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इस संबंध में छात्राओं द्वारा किया जा रहा प्रदर्शन एवं सड़क जाम अनावश्यक व अनुचित है। ज्ञात हो कि सड़क जाम को लेकर काफी जाम की स्थिति बन गई। पुलिस द्वारा छात्राओं से कड़ी मशक्कत के बाद बातचीत कर सड़क जाम को समाप्त करवाया गया तब जाकर स्थिति सामान्य हुई।



