बाड़मेर।
थार नगरी बाड़मेर की संयम रत्ना मुमुक्षु कुमारी सन्तोष मालू की भगवती दीक्षा के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को दीक्षा महोत्सव पत्रिका लेखन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 9 बजे मोक्षमार्ग स्थित केयूप भवन में गुरू-भगवन्तों की पावन निश्रा में सम्पन्न होगा, जिसमें समाज के गणमान्य नागरिक एवं मुमुक्षु के परिजन उपस्थित रहेंगे।
संयम अनुमोदना महोत्सव संयोजक मुकेश बोहरा ‘अमन’ ने बताया कि मुमुक्षु कुमारी सन्तोष मालू की दीक्षा 5 मार्च 2026 को जैसलमेर में ऐतिहासिक एवं विराट चादर महोत्सव के दौरान प.पू. खरतरगच्छाधिपति आचार्य भगवंत श्री जिनमणिप्रभ सूरीश्वरजी मसा. के करकमलों से सम्पन्न होगी। इसी क्रम में उनके परिवार की ओर से 13 से 15 फरवरी 2026 तक बाड़मेर में त्रि-दिवसीय भव्य संयम अनुमोदना महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
जिनशासन विहार सेवा ग्रुप, बाड़मेर के अध्यक्ष मुकेश मालू ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी को शक्रस्तव महापूजन से होगा। इसके पश्चात धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। पूरे आयोजन के दौरान गुरू-भगवन्तों की पावन निश्रा रहेगी, जिससे नगर में आध्यात्मिक वातावरण का सृजन होगा।



