पूर्णिया: ऑक्सफोर्ड इंग्लिश स्कूल में परंपरा अनुसार इस वर्ष भी “मातृ-पितृ पूजन दिवस” हर्षोल्लास और भावपूर्ण तरीके से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा “ओ मात पिता तुम्हें वंदन” गीत से हुई, जिसके बाद विद्यालय के निदेशक इंजीनियर विनीत कुमार सिंह ने माता-पिता की पूजा अर्चना की और उपस्थित बच्चों ने भी अपने माता-पिता का सम्मान किया। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार माता-पिता को फूल, माला और भोग अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
विद्यालय प्राचार्य श्री अरुण कुमार सिंह ने कहा कि आज की पीढ़ी में माता-पिता के प्रति सम्मान कम होता जा रहा है और इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में सभ्यता, संस्कार और नैतिक शिक्षा का बीज बोया जाता है। निदेशक विनीत कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था में ज्ञान के साथ-साथ संस्कार और संस्कृति को भी महत्व दिया जाता है। उन्होंने सभी विद्यालयों से अपील की कि वे बच्चों में अपनी सभ्यता और संस्कृति को सशक्त बनाने के लिए मातृ-पितृ पूजन जैसे कार्यक्रम आयोजित करें।
इस अवसर पर सत्र 2024-25 के लिए “सुपर 30” बच्चों की घोषणा की गई और उन्हें सर्टिफिकेट एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय परिवार की प्रशंसा की और कहा कि ऑक्सफोर्ड इंग्लिश स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास का आदर्श उदाहरण है। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का भी विशेष योगदान रहा।



