पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने युवा जेडीयू अध्यक्ष राजू मण्डल के असामयिक निधन के उपरांत एक बड़ा और संवेदनशील तथा सामाजिक सरोकार से जुड़ा फैसला लिया है।शनिवार की सुबह श्री कुशवाहा ने स्व राजू मण्डल के आवास पर पहुंचकर राजू की पुत्री को गोद लेने की घोषणा करते हुए कहा कि अब इस बिटिया की परवरिश की पूरी जिम्मेवारी उनकी होगी। वे बेटी की शिक्षा-दीक्षा से लेकर विवाह तक होने वाले खर्च का निर्वहन करेंगे।श्री कुशवाहा ने कहा कि राजू की धर्मपत्नी की आर्थिक आवश्यकता कैसे पूरी हो यह महत्वपूर्ण है। इसके लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।उन्होंने राजू के परिजनों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराया।उन्होंने राजू से अपने संबंधों को याद करते हुए कहा कि राजू के निधन मेरी व्यक्तिगत क्षति है और खुद को कमजोर महसूस कर रहा हूँ।
राजू की बिटिया को गोद लेने की घोषणा करते हुए श्री कुशवाहा ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा है कि ,राजू के अंतिम संस्कार से लौटकर पूरी रात द्वंद्व और उहापोह के बीच कब गुजर गई और सुबह ने कब दस्तक दी, पता ही नही चला। एक अटल फैसले के साथ राजू के आवास की ओर चल पड़ा।राजू के परिजनों से मिल अपना फैसला बताया, राजू की बिटिया की परवरिश, उसकी शिक्षा-दीक्षा से लेकर विवाह-संस्कार तक का जिम्मा अब मेरे हाथों होगा। राजू बिटिया के जैविक पिता थे, अब उस बिटिया के शेष जीवन के लिए पिता-धर्म का पालन मेरी जिम्मेवारी होगी। राजू के प्रति श्रद्धांजलि अर्पण का यह मेरा छोटा और तुच्छ प्रयास है।मैं जानता हूँ, राजू मैं तुम्हारी कमी परिवार में कभी पूरी नही कर सकता हूँ। मैंने तुममें छोटे भाई और पुत्र का अक्स देखा है, लिहाज़ा यह मेरी नैतिक और सामाजिक जिम्मेवारी बनती है। तुम हमेशा हमारी स्मृतियों में अमर रहोगे। इस मौके पर युवा नेता सुशांत कुशवाहा, छात्र नेता आशीष मेहता, बबलू आदि उपस्थित थे।



