पूर्णियाँ : एमएचएएनडी डिग्री महाविद्यालय, ठाकुरगंज (किशनगंज) एक बार फिर नामांकन प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर चर्चा में है। छात्र नेता सौरभ कुमार ने आरोप लगाया है कि सीबीसीएस यूजी नामांकन सत्र 2026-2030 में महाविद्यालय द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की अवैध वसूली की जा रही है, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सौरभ कुमार ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी यूजी सत्र 2025-2029 के नामांकन में दस्तावेज सत्यापन को लेकर बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों के आरोप लगे थे। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा महाविद्यालय से स्पष्टीकरण तो मांगा गया, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।उन्होंने बताया कि यूजी सत्र 2021-2024 में भी महाविद्यालय की लापरवाही के कारण लगभग 61 छात्र-छात्राओं का नामांकन अपडेट नहीं किया गया था। जबकि सभी छात्रों ने आवश्यक दस्तावेज जमा किए थे और कॉलेज शुल्क का चालान भी कटवा लिया था। नामांकन अपडेट नहीं होने के कारण छात्रों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था।
छात्र नेता का कहना है कि बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं के बावजूद आखिर विश्वविद्यालय प्रशासन, छात्र कल्याण पदाधिकारी (डीएसडब्ल्यू) और कुलपति कार्यालय की ओर से एमएचएएनडी डिग्री महाविद्यालय पर कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? क्या कारण है कि लगातार शिकायतों और गड़बड़ियों के आरोपों के बाद भी महाविद्यालय को राहत मिलती रही है?सौरभ कुमार ने पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर महाविद्यालय के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय की नामांकन प्रक्रिया पर रोक लगाने की भी मांग की है।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब एक ही महाविद्यालय पर बार-बार नामांकन संबंधी गड़बड़ियों के आरोप लगते रहे हैं, तो आखिर विश्वविद्यालय प्रशासन कब तक केवल स्पष्टीकरण लेकर मामले को शांत करता रहेगा और छात्रों के साथ न्याय के लिए कठोर कदम कब उठाएगा?