पूर्णियाँ विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन की दूसरी मेरिट लिस्ट जारी, 1 जुलाई तक होगा एडमिशन

पूर्णियाँ : पूर्णियाँ विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय स्नातक (यूजी) सत्र 2026-30 में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के प्रथम सेमेस्टर में नामांकन के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह प्रक्रिया 30 जून से 1 जुलाई 2026 तक चलेगी।विश्वविद्यालय की ओर से समर्थ (SAMARTH) पोर्टल के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों के पंजीकृत ईमेल पर ऑफर लेटर भेज दिया गया है। चयनित छात्र-छात्राओं को पोर्टल से ऑफर लेटर डाउनलोड कर निर्धारित तिथि के भीतर आवंटित कॉलेज में पहुंचकर नामांकन कराना होगा

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 1 जुलाई तक हर हाल में नामांकन कराना अनिवार्य है। इसके बाद किसी भी स्थिति में समय सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। नामांकन के लिए अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं के मूल अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र, एसएलसी/टीसी, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), माइग्रेशन प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) सहित सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे। मूल प्रमाणपत्रों का सत्यापन और अभ्यर्थी की स्वयं उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।नामांकन के साथ ही प्रथम सेमेस्टर के पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। इसलिए जिन छात्रों को माइग्रेशन प्रमाणपत्र की आवश्यकता है, वे इसे भी अपने साथ लेकर आएं।

विश्वविद्यालय ने बताया कि राजभवन के निर्देशानुसार अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) तथा सभी वर्गों की छात्राओं से नामांकन शुल्क नहीं लिया जाएगा। अन्य अभ्यर्थियों के लिए प्रथम सेमेस्टर का शुल्क 2,255 रुपये निर्धारित है। वहीं विज्ञान, भूगोल, मनोविज्ञान, गृह विज्ञान और संगीत जैसे प्रायोगिक विषयों के विद्यार्थियों को 600 रुपये अतिरिक्त प्रयोगशाला शुल्क देना होगा।सभी संबद्ध महाविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित शुल्क के अलावा किसी भी छात्र से अतिरिक्त राशि नहीं ली जाए।

यदि कोई कॉलेज या व्यक्ति अतिरिक्त शुल्क की मांग करता है तो इसकी लिखित शिकायत विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) से की जा सकती है। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से समय पर नामांकन कराने की अपील करते हुए कहा है कि गर्मी को देखते हुए कॉलेज आते समय अपने साथ पानी की बोतल और छाता जरूर रखें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।