पूर्णियाँ : पूर्णियाँ कॉलेज के पीजी छात्र सौरभ कुमार ने मंगलवार को पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह को आवेदन देकर कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्णिया कॉलेज को लगातार विभिन्न परीक्षाओं का केंद्र एवं उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन केंद्र बनाए जाने के कारण यूजी और पीजी की नियमित कक्षाएं बार-बार बाधित हो रही हैं। आवेदन में कहा गया है कि महाविद्यालय प्रशासन नियमित कक्षाओं के संचालन के प्रति उदासीन है और पढ़ाई केवल खानापूर्ति तक सीमित होकर रह गई है।
मूल्यांकन कार्य के दौरान कक्षाएं लगभग ठप हो जाती हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है।सौरभ कुमार ने उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में भी बड़े पैमाने पर लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि महाविद्यालय प्रशासन मनमाने तरीके से कार्य कर रहा है, जिससे छात्रों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर नियमित कक्षाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मूल्यांकन कार्य के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कुलपति के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन एवं विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।