सांसद पप्पू यादव पर हमले की कोशिश लोकतंत्र पर हमला : जवाहर किशोर उर्फ़ रिंकू यादव

पूर्णियाँ : कांग्रेस नेता जवाहर किशोर उर्फ़ रिंकू यादव ने सांसद Pappu Yadav पर दिल्ली स्थित उनके आवास पर हुए कथित जानलेवा हमले के प्रयास की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी सांसद पर इस प्रकार का हमला केवल एक जनप्रतिनिधि पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा प्रहार है। जवाहर किशोर ने कहा कि खुलेआम चाकू लेकर सांसद के आवास तक पहुंच जाना और मीडिया कैमरों के सामने इस तरह की दुस्साहसिक घटना को अंजाम देने का प्रयास करना दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर सांसद पप्पू यादव का सिर काटकर लाने वाले को इनाम देने जैसी धमकियां भी सामने आई हैं, जो अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने प्रश्न उठाया कि आखिर ऐसे अपराधियों का मनोबल बढ़ाने वाले लोग कौन हैं और उन्हें इतनी हिम्मत कहां से मिल रही है। उन्होंने कहा कि सांसद पप्पू यादव छह बार सांसद रह चुके हैं और पूर्व में भी सार्वजनिक रूप से अपनी जान को खतरा होने की बात कह चुके हैं। इसके बावजूद उनकी सुरक्षा को लेकर पर्याप्त गंभीरता नहीं बरती गई। यह केंद्र सरकार, गृह मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों की जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्ष के नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है।

यदि पहले से खतरे की जानकारी थी, तो उनकी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत क्यों नहीं किया गया? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा के मामले में किसी प्रकार का दोहरा रवैया स्वीकार्य नहीं हो सकता।जवाहर किशोर ने केंद्रीय गृह मंत्री से मांग की कि पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेकर कथित हमले के प्रयास एवं जान से मारने की धमकियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा सांसद पप्पू यादव की सुरक्षा की उच्चस्तरीय समीक्षा कर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध तत्काल सुनिश्चित किए जाएं।