पूर्णियाँ : नीति आयोग, भारत सरकार की पहल के तहत आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पूर्णिया में NITI TARA (Toolkit for Analysis, Review & Action) विषय पर एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार, भा.प्र.से. की अध्यक्षता में प्रज्ञान सभागार, पूर्णिया में किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी, आकांक्षी प्रखंडों से जुड़े अधिकारी तथा Development Partners ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को विकास योजनाओं की निगरानी और समीक्षा में आंकड़ों के बेहतर इस्तेमाल से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।प्रशिक्षण का प्रमुख फोकस “NITI TARA for Viksit Bharat – Toolkit for Analysis, Review & Action” पर रहा। इसके माध्यम से जिला एवं प्रखंड स्तर पर उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण कर योजनाओं की प्राथमिकताएं तय करने, विकास कार्यों की प्रगति की प्रभावी समीक्षा करने और जरूरत के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।अधिकारियों को बताया गया कि डेटा आधारित प्रशासन से विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति का बेहतर आकलन किया जा सकता है। इससे कमजोर क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक हस्तक्षेप करने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक परिणामोन्मुख बनाने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम में साक्ष्य आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि विकास से जुड़े निर्णय केवल अनुमान के आधार पर नहीं, बल्कि उपलब्ध आंकड़ों और जमीनी स्थिति के विश्लेषण के आधार पर लिए जाएं।
नीति आयोग की इस पहल को पूर्णिया में आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत विकास कार्यों की निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। NITI TARA टूलकिट के प्रभावी उपयोग से जिले में योजनाओं की समीक्षा, विभागीय समन्वय और विकास की प्राथमिकताओं को तय करने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं डेटा आधारित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।