पूर्णियाँ : पूर्णियाँ विश्वविद्यालय के यूजी सत्र 2025-29 के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि एक दिन बढ़ाने की मांग को लेकर छात्र राजद ने सोमवार को विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण पदाधिकारी (डीएसडब्ल्यू) प्रो. अरविंद कुमार वर्मा को आवेदन सौंपा। इस दौरान छात्र राजद के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।छात्र राजद के जिलाध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल ने कहा कि सीमांचल के कई विद्यार्थी दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं।
समय पर सूचना नहीं मिलने के साथ-साथ आर्थिक परेशानियों के कारण कुछ विद्यार्थी निर्धारित अवधि में परीक्षा फॉर्म नहीं भर सके हैं।उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों को एक और अवसर दिया जाना चाहिए, ताकि वे परीक्षा से वंचित न हों और उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि कम-से-कम एक दिन बढ़ाने का आग्रह किया।मोहम्मद बिस्मिल ने कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह से भी इस मामले में सकारात्मक पहल करने की मांग की। छात्र राजद का कहना है कि एक दिन की अतिरिक्त मोहलत मिलने से फॉर्म भरने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को राहत मिल सकेगी।