पूर्णियाँ : खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। स्थानीय सरस्वती विद्या निकेतन जिला स्कूल के क्रीड़ा मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह में जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता कुमुद मिश्रा, उप विकास आयुक्त राजीव कुमार, अपर समाहर्ता, सदर एसडीओ, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला खेल पदाधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन के दौरान अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।समारोह में माउंट कार्मेल इंग्लिश स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया, जबकि पूर्णिया उच्च विद्यालय रामबाग की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई।खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि सभी खिलाड़ी अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें तथा अपने प्रदर्शन से पूर्णिया, बिहार और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने और ओलंपिक में भाग लेने की शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के तहत 28 से 30 सितंबर 2026 तक विभिन्न खेल मैदानों पर अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों के बीच मुकाबले होंगे। प्रतियोगिताएं जिला स्कूल पूर्णिया, डीएसए मैदान, इंदिरा गांधी स्टेडियम, महात्मा गांधी इंडोर स्टेडियम और राजकीय कन्या उच्च विद्यालय पूर्णिया में आयोजित की जा रही हैं।पहले दिन ताइक्वांडो, क्रिकेट, कबड्डी और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इन प्रतियोगिताओं के पहले दिन के परिणाम भी घोषित किए गए। तीन दिनों तक चलने वाली इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।