50 से अधिक महिला स्वच्छताकर्मी सम्मानित, स्वच्छता में योगदान को किया गया सलाम
पूर्णियाँ : शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाली 50 से अधिक महिला स्वच्छताकर्मियों को सोमवार को मधुबनी स्थित सावित्री उत्सव विवाह भवन, प्रताप नगर में आयोजित “महिला स्वच्छताकर्मी सम्मान समारोह-2026” में सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन ब्रेन डिस्कवरी पब्लिक स्कूल, पूर्णिया की ओर से किया गया। इस दौरान महिला स्वच्छताकर्मियों को शॉल, माला, वस्त्र, मास्क एवं सम्मान-पत्र देकर उनके श्रम और सेवा भावना के प्रति आभार जताया गया।समारोह में पूर्णिया विधायक विजय कुमार खेमका, उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, सीमांचल प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के सचिव मनोरंजन कुमार, प्रेस क्लब पूर्णिया के अध्यक्ष नंद किशोर सिंह, शिवाजी झा, श्रीराम सेवा संघ के राणा प्रताप सिंह, समाजसेवी तौफीक आलम, अधिवक्ता बबीता चौधरी, अर्चना कुमारी और साहित्यकार-कलाकार गोविंद कुमार समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मारवाड़ी महिला मोर्चा की 25 से अधिक सदस्यों ने भी भाग लेकर महिला स्वच्छताकर्मियों का सम्मान किया। मारवाड़ी महिला मोर्चा, श्रीराम सेवा संघ, प्रसार भारती, प्रेस क्लब पूर्णिया सहित विभिन्न सामाजिक एवं सेवाभावी संस्थाओं ने आयोजन में सहयोग किया।वक्ताओं ने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की बुनियाद है। स्वच्छता को धरातल पर उतारने में सफाईकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। समाज को उनके श्रम के प्रति सम्मान का भाव रखते हुए स्वयं भी स्वच्छता की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।ब्रेन डिस्कवरी पब्लिक स्कूल के निदेशक अनिकेत कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को भी संस्था प्राथमिकता देती है।

उन्होंने कहा कि बिना किसी दिखावे के प्रतिदिन शहर को साफ रखने में योगदान देने वाले स्वच्छताकर्मियों का सम्मान पूरे समाज के श्रम और सेवा भाव का सम्मान है।आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। समारोह में सम्मान पाकर महिला स्वच्छताकर्मियों के चेहरों पर खुशी और आत्मसम्मान नजर आया। कार्यक्रम का संदेश “स्वच्छ शहर, स्वस्थ समाज, सम्मानित महिलाएं” और “स्वच्छता की शक्ति, समाज का सम्मान, नारी का गौरव” रहा।