नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन, कुलपति को सौंपा जाएगा मांग-पत्र
पूर्णियाँ / किशन : बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ, पटना तथा बिहार राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को पूर्णिया महाविद्यालय के विज्ञान भवन परिसर में पूर्णिया विश्वविद्यालय एवं अंगीभूत महाविद्यालयों के कर्मचारियों की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय एवं विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों के नियमित और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर विचार-विमर्श किया।बैठक में बिहार राज्य कर्मचारी संघ, पटना के महासचिव राघवेन्द्र सिंह, बिहार राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ, पटना के अध्यक्ष शंकर यादव तथा पूर्णिया विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी संघ के प्रक्षेत्र अध्यक्ष शंभु यादव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

नेताओं ने कर्मचारियों की एकजुटता को मजबूत करने और उनके अधिकारों एवं सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए संगठनात्मक स्तर पर पहल जारी रखने की बात कही।बैठक के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नियमित एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लंबित वेतन, पदोन्नति, सेवा स्थायीकरण सहित प्रशासनिक एवं वित्तीय स्तर की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। चर्चा के बाद कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को शामिल करते हुए 14 सूत्री मांग-पत्र तैयार करने पर सहमति बनी।महासंघ की ओर से बताया गया कि 14 सूत्री मांगों को लेकर जल्द ही प्रतिनिधिमंडल पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति से मुलाकात करेगा और मांग-पत्र सौंपते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग करेगा।
नई कार्यकारिणी का गठन :
बैठक के दौरान संघ की संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत करने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चुनाव एवं पुनर्गठन किया गया। इसमें रवि कुमार को पुनः अध्यक्ष तथा बाबुल कुमार शर्मा को पुनः सचिव चुना गया।वहीं रमन कुमार झा को उपाध्यक्ष, संजीव कुमार झा को संयोजक, श्यामल कुमार को कोषाध्यक्ष तथा रोहित कुमार को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित एवं पुनः निर्वाचित पदाधिकारियों ने कर्मचारियों और संगठन के नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नियमित और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा तथा 14 सूत्री मांगों के समाधान के लिए संगठन स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी।बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस दौरान कर्मचारियों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और अपने अधिकारों के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाने का संकल्प लिया।