PURNIA NEWS : जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार द्वारा सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पूर्णिया के साथ समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे सभी प्रकार के पेंशन, राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना, मुख्यमंत्री परिवार लाभ योजना एवं कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना आदि की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सहायक निदेशक को निर्देश दिया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के लाभार्थियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु विशेष शिविर लगाए जाएं, जिससे लाभार्थी आसानी से सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। साथ ही इन शिविरों में नए आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में 24 मार्च से 29 मार्च 2025 तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत नए आवेदनों की प्राप्ति और त्रुटियों का सुधार करना है। इसके अतिरिक्त, दिव्यांगजनों के लिए UDID कार्ड बनाने और संबल योजना के तहत बैटरी चलित ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र आदि उपलब्ध कराने हेतु भी आवेदन लिए जाएंगे।

शिविर में प्रदान की जाने वाली प्रमुख सेवाओं में सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के नए आवेदन, पेंशनधारियों की शिकायतों का निवारण, मोबाइल नंबर अपडेट, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और बिहार राज्य निशक्तता पेंशन योजना के बीपीएल परिवारों की जानकारी अद्यतन करना, मृत पेंशनधारियों की जानकारी अपडेट करना शामिल है। शिविर के सफल आयोजन हेतु जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों और पंचायत स्तरीय कर्मियों के साथ बैठक आयोजित करने और जन प्रतिनिधियों के सहयोग से इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। शिविरों में धूप से बचाव, पेयजल और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया है। साथ ही, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधीन महिला पर्यवेक्षिकाओं के माध्यम से आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को अपने क्षेत्र के दिव्यांगजनों का UDID कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज़ एकत्र करने का निर्देश दें।

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *