80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अररिया महाविद्यालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

अररिया : 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार, 14 अगस्त को अररिया महाविद्यालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) रामदयाल पासवान सहित उपस्थित प्राध्यापकों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर देशभक्ति और उत्साह के माहौल से सराबोर रहा। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कुलगीत से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कीं। गीत, संगीत एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

वहीं, सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से सामने रखा गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) रामदयाल पासवान ने छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों, शिक्षकेतर कर्मियों एवं अतिथियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उनका पालन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. डॉ. अब्दुस सलाम, डॉ. भीष्म कुमार सिंह, डॉ. राजेश मोहन, डॉ. बृजकिशोर राम, डॉ. प्रभात कुमार सिंह, डॉ. फ़ैयाज़ आलम, डॉ. सैम्स परवेज़, डॉ. तंजील, डॉ. हामिद रज़ा, डॉ. संदेश यादव, डॉ. अमरेश श्रीवास्तव, डॉ. आशीष, डॉ. नीतू, डॉ. अल्का, डॉ. अनीता, डॉ. हिना, डॉ. सुलोचना, डॉ. अंजलि, डॉ. विभा, डॉ. किम्मी, डॉ. लालकृष्ण एवं डॉ. राहुल सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रभात कुमार सिंह ने सभी उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शिक्षकों, कर्मियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जागरूकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।