भवानीपुर सीएचसी का विधायक कलाधर मंडल ने किया औचक निरीक्षण, दवा कमी और रेफर पर जताई नाराजगी

पूर्णिया, आनंद यादुका: रुपौली विधायक सह जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष कलाधर मंडल ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवानीपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली, इसके बाद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रिजवान आलम से दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।

डॉक्टर द्वारा आवश्यक दवाइयों की भारी कमी की जानकारी दिए जाने पर विधायक ने कहा कि वे इस गंभीर मुद्दे को जल्द ही सिविल सर्जन के समक्ष उठाएंगे और जरूरत पड़ी तो स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर जीवन रक्षक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। विधायक ने सामान्य मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि ऐसे मरीजों का इलाज सीएचसी में ही किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, वहीं विधायक के सख्त रुख से अस्पताल व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *