Saharsa News: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में योजनाओं की वर्तमान क्रियान्वयन स्थिति की समीक्षा बैठक आयोजित

सहरसा, अजय कुमार: Saharsa News जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित बैठक के दौरान विभिन्न विभागों यथा: अल्पसंख्यक कल्याण, कल्याण, श्रम संसाधन, सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, जिलांतर्गत नगर पंचायत, नगर परिषद, नगर निगम सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की वर्तमान क्रियान्वयन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई एवं उपयुक्त दिशा निर्देश दिए गए। जिला अल्पसंख्यक कल्याण द्वारा किए जा रहे कार्यों समीक्षा के क्रम में जानकारी दी गई की वर्तमान वित्तीय वर्ष में मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना मौलवी एवं फोकानिया अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध वर्तमान उपलब्धि लगभग 84% है।

मदरसा सुदृढ़ीकरण योजना अंतर्गत दो योजनाओं में निविदा प्रगति पर है, जिसको यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। जिलांतर्गत कहरा प्रखंड से संबंधित बसहा में 560 बेड का आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिसका निर्माण कार्य दिसंबर 2026 में पूर्ण होने की संभावना है। कल्याण शाखा द्वारा किए जा रहे कार्यों व संचालित योजनाओं समीक्षा के क्रम में जानकारी दी गई की सतर कटैया से संबंधित मेनहा में संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या+2 उच्च आवासीय विद्यालय में वर्तमान में नामांकित विद्यार्थियों की संख्या 315 है, जिनको शिक्षा ग्रहण एवं आवासन हेतु सभी आवश्यक सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। समीक्षा क्रम में नगर निगम क्षेत्र में अवस्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास के मरम्मति हेतु किए जा रहे प्रयास क्रम में बताया गया कि इस हेतु प्राक्कलित राशि से संबंधित प्रतिवेदन विभाग को शीघ्र प्रेषित किया जाएगा।

जानकारी दी गई की जिलांतर्गत पूर्ण हो चुके सामुदायिक भवन सह वर्कशेड की संख्या 23 है जबकि 09 के निर्माण हेतु अग्रतर कारवाई की जा रही है। सामाजिक सुरक्षा द्वारा संचालित पेंशन योजना अंतर्गत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना आदि से संबंधित कुछ आवेदन लंबित पाए गए है, प्राप्त जानकारी के अनुसार लंबित आवेदनों का निष्पादन यथाशीघ्र करने हेतु ठोस कार्रवाई की जा रही है। नगर पंचायत, नगर परिषद एवं नगर निगम द्वारा क्रियान्वित योजनाओं समीक्षा के क्रम में योजना क्रियान्वयन में और तेजी लाने के अतिरिक्त सभी नगर पंचायत, परिषद एवं नगर निगम क्षेत्र में आम नागरिकों के मनोरंजन हेतु उत्कृष्ट कोटि के पार्क निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने एवं आगामी बैठक से पूर्व इसे उपलब्ध कराने का निर्देश सभी संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों, नगर आयुक्त को दिया गया है।

बैठक में कला संस्कृति,पर्यटन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की वर्तमान क्रियान्वयन स्थिति समीक्षा क्रम में क्रियान्वित योजनाओं में और तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया गया है। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री संजय कुमार निराला, निदेशक डीआरडीए वैभव कुमार, डीपीओ आईसीडीएस, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, सामाजिक सुरक्षा,जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *