पूर्णियाँ : पूर्णियाँ विश्वविद्यालय से संबद्ध एम.एच. आजाद नेशनल डिग्री (एमएचएएनडी) कॉलेज, ठाकुरगंज, किशनगंज में छात्रों से विभिन्न प्रक्रियाओं के नाम पर कथित अवैध राशि वसूली के आरोप को लेकर छात्र नेता सौरभ कुमार ने गुरुवार को विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण पदाधिकारी (डीएसडब्ल्यू) प्रो. अरविंद कुमार वर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में सौरभ कुमार ने आरोप लगाया कि कॉलेज में सीबीसीएस स्नातक के विभिन्न सेमेस्टर के नामांकन, पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) तथा बोनाफाइड प्रमाण-पत्र सहित अन्य छात्रहित से जुड़ी प्रक्रियाओं के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लिए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी वायरल हुए हैं, जिनमें कथित तौर पर नामांकन एवं प्रैक्टिकल शुल्क के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग किए जाने की बात सामने आती है।छात्र नेता ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा छात्रों से कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि गरीब एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना छात्रहित के विरुद्ध है।सौरभ कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि महाविद्यालय समिति द्वारा कथित अवैध उगाही के मामले में कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को नहीं हटाया गया, तो 29 अगस्त से 4 सितंबर 2026 के बीच एमएचएएनडी कॉलेज परिसर में प्राचार्य का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन की प्रतिलिपि पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, एमएचएएनडी डिग्री कॉलेज की अध्यक्ष, किशनगंज के अनुमंडल पदाधिकारी तथा कॉलेज के विश्वविद्यालय प्रतिनिधि को भी भेजी गई है। छात्र नेता ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर छात्रों को राहत दिलाने की मांग की है।