राजस्थान: थार नगरी, बाड़मेर नगर की संयम रत्ना, मालू परिवार की कुलदीपिका मुमुक्षु कुमारी सन्तोष मालू की भगवती दीक्षा की कंकू पत्रिका का लेखन कार्यक्रम रविवार को जेवीसी केयुप भवन में प. पू. साध्वीश्री सौम्यगुणाश्रीजी मसा., दीप्तिप्रज्ञाश्रीजी मसा. एवं मयूरप्रियाश्रीजी मसा. आदि ठाणा की पावन निश्रा में हर्ष और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि मुमुक्षु कुमारी सन्तोष मालू की भागवती दीक्षा आगामी 05 मार्च को जैसलमेर में ऐतिहासिक व विराट चादर महोत्सव में प. पू. खरतरगच्छाधिपति, आचार्य भगवन्त श्री जिनमणिप्रभ सूरीश्वरजी मसा. के करकमलों से होने जा रही है।
संयम अनुमोदना महोत्सव संयोजक मुकेश बोहरा अमन ने बताया कि मुमुक्षु कु. सन्तोष मालू की भागवती दीक्षा के उपलक्ष्य में उनके परिवार की ओर से 13 फरवरी से 15 फरवरी, 2026 के मध्य तीन दिवसीय भव्य संयम अनुमोदना महोत्सव एवं दीक्षा कार्यक्रम की कंकू पत्रिका का लेखन कार्यक्रम में रविवार को प्रातः में गुरू-भगवन्तों की पावन निश्रा एवं समाज के गण्मान्य नागरिकों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। अमन ने बताया कि पत्रिका लेखन कार्यक्रम में शाः रतनलाल धनराज पूनमचन्दजी मालू परिवार की ओर से साध्वी भगवन्तों का अभिवन्दन एवं समाज के गणमान्य नागरिकों का अभिनन्दन किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम में नवकार महामंत्र एवं गुरूवन्दन के साथ पत्रिका लेखन प्रारम्भ हुआ। कार्यक्रम में संयम के भावों व संगीत की सुमधुर लहरियों पर श्रावक-श्राविकाओं ने झुमते हुए तीर्थंकर परमात्मा, गुरू-भगवन्तों, संमाज के विभिन्न संघों, जिन-मन्दिरों, संस्थाओं व संगठनों के नाम पत्रिकाओं का लेखन हुआ।
प. पू. साध्वीश्री सौम्यगुणाश्रीजी मसा ने सर्वमंगल करते हुए कहा कि कंकु पत्रिका लेखन ही महोत्सव का आगाज बिन्दु है। यह पत्रिका लेखन कार्यक्रम महोत्सव के आगाज का ऐलान है। साध्वीश्री ने कहा कि जीवन में संयम भावों का उदय हमारे सौभाग्य की बात है। हम सब तीन दिवसीय संयम अनुमोदना महोत्सव में जुड़कर मुमुक्षु कु. सन्तोष मालू के संयम भावों की अनुमोदना करें और प्रेरणा लें।
विहार ग्रुप अध्यक्ष मुकेश मालू ने बताया कि पत्रिका लेखन कार्यक्रम का संचालन मुकेश बोहरा अमन तथा बहुत ही सुन्दर संयम गीतों व भजनों की प्रस्तुति सुमधुर गायिका सोनू वडेरा ने दी। इस दौरान साध्वीजी भगवन्त सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के गणमान्य नागरिक, मालू परिवार के सदस्य एवं श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रही ।
महोत्सव के सह-संयोजक मोहित लूणिया ने बताया कि मुमुक्षु कुमारी सन्तोष मालू के संयम पथ की अनुमोदना में थार नगरी, बाड़मेर में तीन दिवसीय विराट व भव्य महोत्सव 13 से 15 फरवरी मध्य गुरू-भगवन्तों की पावन निश्रा में आयोजित होगा। वहीं दीक्षा 05 मार्च को जैसलमेर में चादर महोत्सव में सम्पन्न होगी।



