ARARIA NEWS : त्योहारों और चुनाव को लेकर अररिया प्रशासन सख्त, सोशल मीडिया पर निगरानी तेज

ARARIA NEWS प्रिंस(अन्ना राय) : अररिया जिला प्रशासन ने दशहरा, दीपावली, छठ जैसे बड़े त्योहारों और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी की घोषणा की है। प्रशासन ने WhatsApp, Facebook और X (Twitter) जैसे ग्रुपों के एडमिन व सदस्यों के लिए कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेश फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। आदेश में साफ किया गया है कि ग्रुप एडमिन अपने सभी सदस्यों की पूरी जिम्मेदारी उठाएंगे, यदि कोई सदस्य आपत्तिजनक पोस्ट करता है तो एडमिन तत्काल उस पोस्ट का खंडन कर उसे डिलीट करें, संबंधित व्यक्ति को ग्रुप से बाहर करें और इसकी सूचना पुलिस को दें। अगर एडमिन इस प्रक्रिया का पालन नहीं करते हैं, तो उन्हें भी दोषी मानते हुए आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जातीय या धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली टिप्पणी, विवादित वीडियो-फोटो या फेक न्यूज साझा करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आएगा। जिला प्रशासन का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता महत्वपूर्ण है, लेकिन बिना पुष्टि किए कॉपी-पेस्ट या फॉरवर्ड किए गए संदेश समाजिक सौहार्द को बिगाड़ सकते हैं। इसलिए त्योहारों और चुनावी माहौल को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण बनाए रखने के लिए यह कदम अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *