ARARIA NEWS : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की दूसरी किस्त जारी, 25 लाख महिलाओं के खाते में पहुँची राशि, अररिया में दिखा भारी उत्साह

ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आज राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका सीधा प्रसारण अररिया के समाहरणालय सभागार में देखा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से 25 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में रोजगार शुरू करने के लिए ₹10-10 हजार की राशि का हस्तांतरण किया।

अररिया में दिखा भारी उत्साह

अररिया समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें उप विकास आयुक्त रोजी कुमारी सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारीगण मौजूद थे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में जीविका दीदियों ने बड़े उत्साह के साथ शिरकत की। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के सभी नौ प्रखंडों और समुदाय आधारित संगठनों (CBOs) में भी किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में दीदियों ने इसे देखा। राशि खाते में आने की खबर से दीदियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।

अब तक 75 लाख महिलाओं को मिली पहली किस्त

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है। इस योजना के तहत अब तक 75 लाख महिलाओं के खातों में पहली किस्त की राशि भेजी जा चुकी है। 3 अक्टूबर को इस योजना की दूसरी किस्त जारी की गई, जिसके अंतर्गत 25 लाख महिलाओं को लाभ मिला।

तीसरी किस्त और आगे की योजना

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी घोषणा की कि इसकी तीसरी किस्त 6 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इसके बाद हर हफ्ते मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की राशि लाभुकों के खातों में भेजी जाएगी, ताकि महिलाएं जल्द से जल्द अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। इस योजना में छह महीने बाद महिलाओं के रोजगार की स्थिति का आकलन किया जाएगा। मूल्यांकन में सफल रहने वाली महिलाओं को अपने व्यापार के विस्तार के लिए अधिकतम 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की जाएगी, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *