कटिहार: Better Health जिले के समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के उद्देश्य से सोमवार को सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हर माह की 7 तारीख को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में इस बार सात से नौ माह की गर्भवती महिलाओं को लाल चुनरी ओढ़ाकर और माथे पर तिलक लगाकर पारंपरिक तरीके से सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं को सतरंगी फल, हरी सब्जियां, दालें, दूध और दूध से बने उत्पाद, मीट, मछली और अन्य पोषक आहार वितरित किए गए, साथ ही गर्भावस्था के दौरान संतुलित और विविध आहार लेने के लिए जागरूक भी किया गया। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नीलम कुमारी और जिला समन्वयक अनमोल गुप्ता ने बताया कि अंतिम त्रैमास में गर्भवती महिलाओं को विशेष पोषण की जरूरत होती है, जिससे मातृ मृत्यु दर में कमी और शिशु का स्वस्थ विकास सुनिश्चित हो सके। उन्हें प्रतिदिन आयरन और कैल्शियम की गोलियों के सेवन, नियमित प्रसव पूर्व जांच और मातृ शिशु सुरक्षा कार्ड में वजन की निगरानी की सलाह भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि पोषण माह जैसे आयोजनों के जरिए पूरे साल समुदाय को जागरूक किया जाता है ताकि हर माँ और हर बच्चा बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के साथ एक उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ सके।