अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के दूसरे चरण के प्रचार को गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अररिया के फारबिसगंज हवाई अड्डा मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। पहले चरण के मतदान के बीच हुई इस सभा में पीएम मोदी ने मैथिली भाषा में अपना संबोधन शुरू कर स्थानीय लोगों को जोड़ा और विकास तथा सुरक्षा के मुद्दे पर एनडीए सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।
‘प्रधानमंत्री नहीं, आपका बेटा बनकर आया हूँ’
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत भावुक अंदाज में की। उन्होंने कहा, “आज मैं आपके पास आपका बेटा बनकर आया हूँ, प्रधानमंत्री बनकर नहीं आया हूँ।” उन्होंने कहा कि बिहार की एनडीए सरकार ने विकास और सुरक्षा को लेकर जो कार्य किए हैं, वे अभूतपूर्व हैं, जिससे बिहार के विकास को एक नई दिशा मिली है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तक, हर क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
लालू-राबड़ी राज पर सीधा हमला: ‘विकास का शून्य’
प्रधानमंत्री ने बिना नाम लिए लालू-राबड़ी की पिछली सरकार पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि राजद की सरकार ने बिहार की एक पूरी पीढ़ी का भविष्य खा गए। उन्होंने सीधे विकास कार्यों की तुलना करते हुए कहा:
पुलों का निर्माण: “NDA के कार्यकाल में गंगा नदी पर चार नए पुल बने। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच की दूरी कम हुई और आवागमन सुगम हुआ। इसी प्रकार से कोसी नदी पर तीन नए पुल बनकर तैयार हैं और कई पुलों पर काम चल रहा है, जिससे मिथिलांचल की भाग्य रेखा बदल जाएगी।” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछली लालू-राबड़ी सरकार के दौरान एक भी पुल नहीं बने।
शिक्षा और स्वास्थ्य: पीएम मोदी ने बताया कि 2014 में केंद्र में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद बिहार के विकास में तेजी आई। उन्होंने पटना में IIT, बोधगया में IIM और पटना में AIIMS खुलने का जिक्र किया। साथ ही, दरभंगा AIIMS का काम चलने और बिहार में चार सेंट्रल यूनिवर्सिटी होने की बात कहकर विकास के पैमाने पर पिछली सरकारों को शून्य बताया।
सीमांचल के लिए 7 एक्सप्रेसवे की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार के लिए सात एक्सप्रेसवे मंजूर किए हैं, जिनमें से एक का काम पूरा भी हो चुका है।
उन्होंने गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि, “हमारी सरकार सीमांचल जैसे क्षेत्रों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर रही है, जिससे यह क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा और वर्षों पुरानी उपेक्षा दूर होगी।”
मैथिली में संबोधन और NDA की जीत का दावा
पीएम मोदी ने अररिया, नरपतगंज, रानीगंज (अजा), सिकटी और जोकीहाट समेत छह विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ रहे एनडीए प्रत्याशियों के लिए वोट माँगे। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत मैथिली में करके स्थानीय भावनाओं को छुआ। उन्होंने पहले चरण के मतदान की चर्चा करते हुए कहा कि, “आज बिहार में पहले चरण के लिए वोटिंग हो रही है। सोशल मीडिया पर कई अच्छी तस्वीरें आ रही हैं। बूथों पर सुबह से लाइन लगी हैं। आज पूरे बिहार से एक ही आवाज आ रही है—एक बार फिर से NDA सरकार।”

