बिहार अब सिनेमा और थिएटर में भी अपनी अलग पहचान बनाएगा: मनोज बाजपेयी

पटना: बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता एवं पद्मश्री सम्मानित कलाकार मनोज बाजपेयी ने मंगलवार को बिहार संग्रहालय का दौरा किया और राज्य की सांस्कृतिक विरासत की गहराई से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बिहार अब केवल साहित्य, लोककला और इतिहास तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि फिल्म निर्माण, थिएटर और डिजिटल कला के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मनोज बाजपेयी ने बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति की सराहना करते हुए बताया कि वे इस नीति के निर्माण और क्रियान्वयन से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीति लागू होने के बाद देशभर के फिल्म निर्माता बिहार की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जो राज्य के सांस्कृतिक विकास के साथ-साथ आर्थिक प्रगति के लिए भी बहुत बड़ा कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह नीति फिल्म निर्माण को नई गति देगी और स्थानीय युवाओं के लिए अभिनय, निर्देशन, तकनीकी कार्य और प्रोडक्शन जैसे क्षेत्रों में ढेर सारे रोजगार के अवसर पैदा करेगी।

अभिनेता ने कहा कि बिहार की सामाजिक संरचना, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, लोककथाएं और ग्रामीण जीवन सिनेमा के लिए बेहद समृद्ध विषय हैं। इन्हें सही तरीके से प्रस्तुत किया जाए तो राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर बिहार की कहानियां नई पहचान बना सकती हैं। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि शूटिंग लोकेशन, आधुनिक स्टूडियो, तकनीकी संसाधन और अभिनय प्रशिक्षण संस्थानों का विकास तेज किया जाए।

भ्रमण के दौरान मनोज बाजपेयी ने पाषाण युग से लेकर मौर्य, गुप्त, पाल और मुगल काल तक के प्रदर्शनों को बहुत गौर से देखा। उन्होंने मूर्तियां, प्राचीन बर्तन, औजार, सिक्के और खिलौनों के माध्यम से बिहार की समृद्ध सभ्यता को समझा और कहा कि बिहार संग्रहालय आधुनिक तकनीक और परंपरा के सुंदर संयोजन का बेहतरीन उदाहरण है। यह म्यूजियम न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश और विश्व के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कला एवं संस्कृति विभाग से विशेष आग्रह किया कि राज्य के दूर-दराज इलाकों, गांवों और छोटे शहरों के स्कूली बच्चों को नियमित रूप से बिहार संग्रहालय का भ्रमण कराया जाए। इससे नई पीढ़ी अपने इतिहास, सांस्कृतिक धरोहर और गौरवशाली अतीत से जुड़ेगी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकेगी। इस अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रणव कुमार और बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon