पूर्णियाँ : स्वच्छता के प्रति जनजागरण और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह पूर्णियाँ के गुलाबबाग चौक स्थित पावन पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ संकल्प के तहत विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने श्रमदान कर स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया।
इस अभियान में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह, कसबा विधायक नितेश सिंह पूर्णियाँ नगर विधायक विजय खेमका समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। सभी ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। अभियान के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।

अपने घर, मोहल्ले, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब हमारा आसपास का वातावरण स्वच्छ और सुंदर होगा, तभी एक स्वस्थ, सकारात्मक और विकसित समाज की नींव मजबूत होगी।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कसबा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे पूर्णियाँ को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बनाने का संकल्प लिया तथा आम लोगों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।