‘रन फॉर यूनिटी’ में उमड़ा जनसैलाब – SSB 56वीं वाहिनी ने जोगबनी में किया भव्य आयोजन

प्रिंस कुमार, अररिया : देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) की 56वीं बटालियन की ओर से शनिवार को ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। जोगबनी बीसीपी गेट से आईसीपी गेट तक आयोजित इस दौड़ में एसएसबी के जवानों, अधिकारियों के साथ-साथ प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों और हजारों की संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

नेपाल सीमा पार से भी दिखी सहभागिता

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सीमा पार नेपाल में रह रहे भारतीय नागरिकों ने भी अपनी सहभागिता दी। दौड़ में स्कूली बच्चों, पुरुषों और महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर जोगबनी नगर क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरे शहर में तोरण द्वार और राष्ट्र ध्वज लगाए गए थे, तथा दौड़ वाले रूट पर विशेष साफ-सफाई की गई थी।

गणमान्य लोगों ने किया शुभारम्भ

कार्यक्रम की शुरुआत बीसीपी गेट से हुई। एसएसबी 56वीं बटालियन के कमांडेंट आईपीएस शाश्वत कुमार, एसपी अंजनी कुमार, जोगबनी नगर परिषद की मुख्य पार्षद रानी देवी और नरपतगंज विधायक देवयंती यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर दौड़ का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम का समापन इंडियन चेकपोस्ट परिसर में हुआ, जहाँ प्रतिभागियों को एसएसबी और प्रशासनिक अधिकारियों ने संबोधित किया।

अधिकारियों ने एकता का संदेश दिया

नरपतगंज विधायक देवयंती यादव ने कहा कि एसएसबी की तैनाती से सीमाई इलाका सुरक्षित है। ऐसे कार्यक्रम से एसएसबी और आम नागरिकों के बीच समन्वय को मजबूती मिलेगी। एसपी अंजनी कुमार ने इसे अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से देशभक्ति की भावना जागृत होती है और आम लोगों में यह संदेश जाता है कि सुरक्षा एजेंसियां उनकी सुरक्षा के लिए हैं। कमांडेंट शाश्वत कुमार ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य केवल दौड़ लगाना नहीं, बल्कि राष्ट्र भक्ति के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों को दूर करना भी है। उन्होंने बताया कि इस रैली के माध्यम से नशा मुक्ति, बाल विवाह, तस्करी जैसे मुद्दों को लेकर भी जागरूकता फैलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *