बनमनखी में विहिप ट्रस्ट द्वारा धूमधाम से मनाया गया गोपाष्टमी उत्सव

PURNIA NEWS : पूर्णिया जिले के बनमनखी स्थित विहिप गढ़ परिसर में गुरुवार को पूज्य संत भूदेव गोसाईं महाराज गौ सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में गोपाष्टमी उत्सव बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गौसेवक, गोपाल, किसान एवं संघ परिवार के विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए। गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती और हरा चारा, फल व गुड़ अर्पित कर भक्तों ने श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता पवन कुमार पोद्दार ने की जबकि संचालन अधिवक्ता शशि शेखर ने किया।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं — विक्रम कुमार सिंह, विश्वनाथ शरण यादव, पवन भारतीया, प्रदीप नारायण सिन्हा, नीरज आनंद आदि ने गौमाता के महत्व, संरक्षण और संवर्धन पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति का आधार है और इसमें 36 कोटि देवताओं का वास माना गया है। ट्रस्ट सचिव अशोक पोद्दार और कोषाध्यक्ष रामकुमार यादव ने बताया कि आने वाले समय में विहिप गढ़ परिसर में किसान प्रशिक्षण केंद्र, गो आधारित कृषि प्रशिक्षण केंद्र, निशुल्क आवासीय परिसर और उन्नत गोशाला की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे बनमनखी क्षेत्र में गोपाष्टमी उत्सव की धूम देखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *