बलिया गांव में दबंगई के खिलाफ पंचायत का एकजुट विरोध, गरीब परिवारों को मिला न्याय

पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: मोहनपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव में रविवार को एक दबंग के खिलाफ पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके बाद लंबे समय से प्रताड़ित गरीब परिवारों को न्याय दिलाया गया। सरपंच जयकृष्ण यादव और मुखिया पंकज कुमार यादव ने बताया कि गांव के पूरब और बलिया–भौवा प्रबल सड़क के बीच स्थित करीब 30 एकड़ जमीन वर्षों पहले जमींदार द्वारा ग्रामीणों को बेच दी गई थी, जिसमें से कुछ भूमि सिलिंग में चली गई।

सिलिंग की जमीन में से लगभग 60 डिसमिल भूमि पर सात लालकार्डधारी परिवार वर्षों से बथान बनाकर रह रहे थे, जबकि शेष जमीन पर गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जे का दावा किया जा रहा था। आरोप है कि इसी को लेकर गरीब परिवारों को लगातार धमकाया गया, उनके आशियानों में आगजनी और मारपीट जैसी घटनाएं भी हुईं। कई बार पंचायत के हस्तक्षेप के बावजूद दबंग नहीं माना और हाल ही में एक परिवार के साथ मारपीट के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने रविवार को भूमि मापी की तिथि तय कर अमीन के माध्यम से मापी करवाई और सभी सात लालकार्डधारियों को उनकी जमीन पर कब्जा दिलाया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यह संदेश गया कि पंचायत अन्याय और दबंगई के खिलाफ एकजुट है और गरीबों के हक की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *