Independence Day 2025: अमौर में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया, पूरे प्रखंड क्षेत्र में गूंजा देशभक्ति का स्वर

पूर्णिया, विमल किशोर: Independence Day 2025 देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमौर प्रखंड में स्वतंत्रता का महापर्व पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी, गैर-सरकारी, शैक्षणिक और राजनीतिक संस्थानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

प्रखंड प्रमुख कार्यालय में प्रमुख असमैरुन ने झंडोत्तोलन कर समारोह का नेतृत्व किया और देशहित में समर्पित कार्य करने का आह्वान किया। सीडीपीओ कार्यालय में अंचलाधिकारी (सीओ) द्वारा ध्वजारोहण किया गया, वहीं अमौर थाना परिसर में थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार ने तिरंगा फहराया। नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य पार्षद बीवी दिल आरा बेगम ने ध्वजारोहण कर देश के विकास में स्थानीय निकायों की भूमिका को रेखांकित किया। धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। आशा अतुल उलूम मदरसा में हेड मौलवी मौलाना मोहम्मद इमरान नदवी ने झंडा फहराकर बच्चों को एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

वहीं रजिस्ट्री कार्यालय में रजिस्ट्रार और निबंधक कार्यालय में सीओ द्वारा ध्वजारोहण किया गया। रेफरल अस्पताल अमौर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हक ने झंडा फहराते हुए स्वास्थ्य सेवा में निष्ठा बनाए रखने की बात कही। राजनीतिक दलों ने भी इस राष्ट्रीय पर्व पर उत्सवपूर्वक भागीदारी निभाई। जदयू कार्यालय में पूर्व विधायक सबा जफर ने झंडोत्तोलन किया, जबकि भाजपा उत्तरी मंडल अध्यक्ष उमेश विश्वास ने पूर्व प्रमुख रीता देवी के आवास पर तिरंगा फहराया और जनसेवा को सर्वोपरि बताया।

सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ-साथ देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण प्रतियोगिताएं, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिजन और आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रमों का आनंद उठाते दिखे। पूरा प्रखंड क्षेत्र आज देशभक्ति की भावना में सराबोर नजर आया और हर कोने से ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज सुनाई दी। अमौर ने एक बार फिर साबित किया कि जब बात देश की होती है, तो हर वर्ग एकजुट होकर राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *