हरिपुर पंचायत में विधिक जागरूकता शिविर, आपदा पीड़ितों को मिला अधिकारों का संदेश

अररिया: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, अररिया के तत्वावधान में फारबिसगंज प्रखंड के हरिपुर पंचायत सरकार भवन में रविवार को विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और नालसा के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देना था। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष गुंजन पाण्डेय तथा सचिव रोहित कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता राहुल रंजन ने सरल भाषा में विधिक सेवाओं की उपयोगिता समझाई और कहा कि कानूनी जानकारी से ही न्याय तक वास्तविक पहुँच संभव है।

उन्होंने बाल विवाह को कानूनन अपराध बताते हुए इसके उन्मूलन पर जोर दिया तथा लोक अदालत के माध्यम से बिना खर्च विवाद निपटारे की प्रक्रिया से ग्रामीणों को अवगत कराया। शिविर में आपदा पीड़ितों के लिए नालसा योजना की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसके अंतर्गत बाढ़, भूकंप, दंगा या औद्योगिक दुर्घटनाओं से प्रभावित लोगों को मुफ्त कानूनी सलाह, न्यायालयीन सहायता और पुनर्वास संबंधी सहयोग मिलता है। कार्यक्रम में पंचायत स्तर पर विधिक सहायता केंद्र की भूमिका, कमजोर और वंचित वर्गों को न्याय से जोड़ने की पहल तथा सरकारी योजनाओं के समावेशन पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर मुखिया परमानंद ऋषिदेव, सरपंच ललिता देवी, उप सरपंच अमित राज, पंचायत समिति सदस्य बादल, वार्ड सदस्य ललित कुमार, पीएलवी मो. इनाम आलम, राजस्व कर्मचारी अभिलाषा कुमारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *