धनगाम की चौपाल में ‘मन की बात’, विजय खेमका बोले—विकसित भारत की राह में भ्रम फैलाने वालों की नहीं चलेगी

Mann Ki Baat" in Dhangam's Chaupal, Vijay Khemka said – Those who spread confusion will not succeed in the path of a developed India

अंग इंडिया संवाददाता/

पूर्णिया ईस्ट प्रखंड के धनगाम ग्राम में आयोजित किसान चौपाल के दौरान विधायक विजय खेमका ने ग्रामीण भाइयों-बहनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, श्रमिक और युवा मौजूद रहे।

मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने गणतंत्र दिवस पर पहली बार मतदाता बनने के उत्सव को सामाजिक आंदोलन का रूप देने, स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छता, वृक्षारोपण, मोटा अनाज के उपयोग, युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना और पर्यावरण संतुलन जैसे विषयों पर देशवासियों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने किसानों, श्रमिकों और युवाओं को विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्राम विकास के साथ-साथ किसानों, मजदूरों और जॉब कार्ड धारकों के हित में तैयार की गई है। योजना के तहत 125 दिन की कार्य गारंटी, एक सप्ताह के भीतर भुगतान, भुगतान में देरी होने पर क्षतिपूर्ति, बायोमेट्रिक उपस्थिति और ई-सर्वेक्षण की व्यवस्था की गई है। साथ ही कृषि कार्य के समय योजना को अलग रखने का प्रावधान है, ताकि किसानों को मजदूरों की कमी न हो।

विधायक ने बताया कि जल सुरक्षा के अंतर्गत तालाब, नहर और तटबंधों का विकास किया जाएगा। आजीविका मिशन के तहत हाट-बाजार का जीर्णोद्धार, आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण, स्कूलों में बाउंड्री वॉल और सोलर लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने इस योजना को विकसित भारत की एक महत्वाकांक्षी पहल बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रामीण सशक्तिकरण के लिए इसका व्यापक रोडमैप तैयार किया है।

इस दौरान विधायक ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि वे जनहितकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में बिहार की विकास गति तेज हुई है और पूर्णिया को विकसित व आत्मनिर्भर बनाना उनका संकल्प है।

किसान चौपाल के दौरान विधायक ने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष पानो देवी, बिरेंद्र सिंह, लखेन्द्र राय, हरदेव मंडल, शंकर दास, राजेश राय, रविंद्र यादव, रवि दास, अनिल राय, बुचिया देवी, पुतुल देवी, राजो देवी, वीरेंद्र सिंह, मोहित राय, त्रिपुरी राय, सत्यभामा, पप्पू राय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।