पूर्णिया।
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन विधायक विजय खेमका ने सदन में पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकासात्मक मुद्दों को मजबूती से उठाया। उन्होंने ध्यानाकर्षण, निवेदन और तारांकित प्रश्नों के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग की।
विधायक ने पूर्णिया के विभिन्न इलाकों में जर्जर और अभावग्रस्त बिजली पोलों के स्थान पर नए विद्युत पोल एवं केबल तार लगाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे विद्युत आपूर्ति मजबूत होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
इसके साथ ही हाउसिंग कॉलोनी क्षेत्र में नगर विकास एवं आवास विभाग की खाली पड़ी भूमि को चिन्हित कर पात्र और इच्छुक नागरिकों को आवास निर्माण के लिए आवंटित करने का आग्रह किया, ताकि मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों को अपने घर का सपना पूरा करने में मदद मिल सके।
श्री खेमका ने हरदा पंचायत में फरियानी शिव मंदिर से रामजतन सिंह के घर तक कच्ची सड़क को पक्की कराने की मांग उठाई। साथ ही मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्णिया में आवासीय सुविधा युक्त मत्स्य प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की भी मांग सदन में रखी।
विधायक विजय खेमका ने कहा कि बजट सत्र के दौरान वे लगातार पूर्णिया के विकास से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में उठा रहे हैं और सरकार से त्वरित समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए सरकार सकारात्मक पहल करते हुए पूर्णिया को विकास की नई दिशा देगी।