रोहतास: रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र स्थित गौरक्षणी मोहल्ले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई है। मामले में मृतका की छोटी बेटी दुर्गा देवी ने अपनी बड़ी बहन सुनीता देवी पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सूर्यपुरा थाना में लिखित आवेदन दिया गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इधर सुनीता देवी का कहना है कि वह अपनी मां को आंख के ऑपरेशन के लिए सासाराम लाई थीं, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उनकी मां पहले से अस्थमा और थायराइड जैसी बीमारियों से पीड़ित थीं।
वहीं दुर्गा देवी का आरोप है कि संपत्ति और पेंशन विवाद को लेकर बड़ी बहन ने यह घटना अंजाम दी है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। स्थानीय चौकीदार हरेंद्र कुमार ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की सूचना संबंधित थाना को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।



