पूर्णिया कॉलेज में सांसद पप्पू यादव का छात्र संवाद, समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई और AI हब का वादा

पूर्णिया: पूर्णिया कॉलेज में आयोजित एकदिवसीय छात्र संवाद कार्यक्रम में सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कोसी–सीमांचल के सैकड़ों छात्रों से सीधा संवाद कर उनकी शैक्षणिक और सामाजिक समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मुद्दों पर मौके पर ही समाधान की पहल की। संवाद के दौरान छात्रों ने कक्षाओं की अनियमितता, पुस्तकालय और हॉस्टल की कमी, सत्र विलंब, नशाखोरी और अवैध वसूली जैसे विषय उठाए, जिस पर सांसद ने कॉलेज प्रशासन को स्पष्ट निर्देश देते हुए सुधार सुनिश्चित करने को कहा।

पप्पू यादव ने भरोसा दिलाया कि छात्रों की हर आवाज संसद तक पहुंचेगी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पूर्णिया को AI ऑटोमेशन और आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण का बड़ा केंद्र बनाने की योजना साझा की और बताया कि इस दिशा में विदेशी कंपनियों से बातचीत शुरू हो चुकी है।

साथ ही, क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम निर्माण को भी युवाओं के समग्र विकास से जोड़ा। सांसद ने युवाओं से जाति–धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर शिक्षा, कौशल और नवाचार पर ध्यान देने का आह्वान किया और कहा कि यह संवाद केवल एक दिन का नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया होगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र प्रतिनिधि और शिक्षक मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल को क्षेत्र के युवाओं के लिए नई उम्मीद बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *