PM MODI : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 सितंबर को पूर्णिया दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने अभूतपूर्व स्तर पर यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। इस दौरान शहर से लेकर राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों तक वाहनों की आवाजाही पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। 13 सितंबर की मध्यरात्रि से 15 सितंबर रात 10 बजे तक पूर्णिया जिले में भारी व्यावसायिक वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं 14 सितंबर की रात से 15 सितंबर की रात तक राष्ट्रीय और राज्य मार्गों से पूर्णिया की ओर आने वाली यात्री बसों व अन्य वाहनों पर भी रोक रहेगी। अररिया, कटिहार, किशनगंज, सहरसा, धमदाहा, अमौर और कसबा की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा। कटिहार से आने वाले वाहनों को रौतारा टोल प्लाजा से पहले ही रोक दिया जाएगा, वहीं बनमनखी से आगे, मीरगंज से आगे, अमौर से बायसी की ओर और कसबा से पूर्णिया आने वाले मालवाहक वाहनों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। डगरूआ, बेलगच्छी चौक और कदवा-चांदपुर के रास्ते वाहनों को कटिहार, भागलपुर और नवगछिया की ओर डायवर्ट किया जाएगा। अररिया से किशनगंज जाने वाले वाहनों को बहादुरगंज होकर भेजा जाएगा, जबकि सुपौल और अररिया से पूर्णिया आने वाले यात्रियों को रानीगंज, सरसी और श्रीनगर के रास्ते शहर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।

शहर के भीतर भी कई अहम मार्गों पर कड़ा नियंत्रण रहेगा। जीरोमाइल से सनौली चौक, खुश्कीबाग, मरंगा बाईपास और काठपुल क्षेत्र में सभा के दौरान वाहनों का ठहराव और पार्किंग पूरी तरह निषिद्ध रहेगा। 15 सितंबर की सुबह 7 बजे से शाम 8 बजे तक जीरोमाइल से काठपुल के बीच एनएच-27 पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद कर दिया जाएगा। सनौली चौक से जीरोमाइल तक किसी भी वाहन के रुकने और पार्क करने की मनाही होगी। जीरोमाइल से बरसोनी टोल प्लाजा तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर खाली वाहनों के ठहराव और पार्किंग पर भी रोक लगाई गई है। सभा में शामिल होने वाले आगंतुकों के लिए प्रशासन ने कई पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। बड़े वाहनों और बसों को जलालगढ़, बरसोनी टोल प्लाजा और दमका चौक के पास पार्क कराया जाएगा। छोटे वाहनों के लिए गुलाबबाग मंडी, स्टील प्लांट कैंपस, नवनीत केडिया कैंपस, आईटीआई कॉलेज ग्राउंड, जायसवाल धर्मकांटा, रेनॉल्ट और नेक्सा शोरूम परिसर, झुन्नु जायसवाल कैंपस, प्रितम जी का कैंपस, बीरू जी और वीरेन्द्र जी का कैंपस जैसे कई स्थान चिन्हित किए गए हैं।

पूर्णिया शहर से सभा स्थल की ओर आने वाले वाहनों को खुश्कीबाग और सनौली चौक से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। लोगों को अपना वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कर पैदल सभा स्थल तक पहुंचना होगा।एयरपोर्ट से आने-जाने वाले यात्रियों को सभी मार्गों पर छूट दी गई है ताकि विमान सेवा बाधित न हो। साथ ही एम्बुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर सहयोग दें, ताकि प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था दोनों सुचारू रूप से बनी रहे।

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *