PURNEA NEWS : समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति, श्री कुंदन कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा की गई और कई आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं, हिट एंड रन मामलों में कमी, सुरक्षित वाहन संचालन, घायलों की त्वरित मदद, दुर्घटना दावा प्रक्रिया, चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य, सड़क पर बने डिवाइडर को पेंट करने, अवैध पार्किंग हटाने, यातायात जाम की समस्या को दूर करने और सड़क सुरक्षा के प्रति आम जनता में जागरूकता लाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी महोदय ने दुर्घटना स्थलों का विस्तृत आकलन कर ठोस योजना बनाने, सड़क अतिक्रमण और अवैध वाहन पार्किंग के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाने, मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने, हेलमेट जांच अभियान नियमित रूप से चलाने तथा बिना निबंधित वाहन संचालन व ओवरलोडिंग पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु वाद-विवाद प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, पेंटिंग प्रतियोगिता एवं विचार गोष्ठी आयोजित करने के निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि हिट एंड रन के सभी मामलों में त्वरित मुआवजा प्रक्रिया पूरी की जाए और दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही, पुलिस थानों को औचक मॉक ड्रिल के माध्यम से एम्बुलेंस सेवा की तत्परता जांचने, सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करने तथा ब्लैक स्पॉट स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, डीएसपी मुख्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग, नगर निगम, एनएचएआई सहित सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे, और सभी विभागों को अपने कार्यों में तत्परता एवं समन्वय स्थापित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु ठोस प्रयास करने का निर्देश दिया गया।